नवबिहार टाइम्स संवाददाता
सोनपुर। सोनपुर में शनिवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय, शिक्षक कॉलोनी के समीप पर्यटन केंद्र के प्रांगण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 75वें जन्मदिन को भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर 75 पाउंड का केक काटा गया और हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा हरिहरनाथ मंदिर में मंत्रोच्चारण और 108 नदियों के जल व दूध से रुद्राभिषेक से हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी सोनपुर डॉ. आचार्य राहुल परमार समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर सौंदर्यकांड पाठ और 75 हवन कुंड में हवन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिला कार्यकर्ताओं और जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के 2025 से 2030 तक फिर से मुख्यमंत्री बनने की प्रार्थना की। इस मौके पर पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर अग्रसर है और अगर उनके पुत्र निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो उनका स्वागत है। जदयू जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने इसे सोनपुर में ऐतिहासिक आयोजन बताया और राजद मुक्त विधानसभा बनाने का संकल्प दोहराया।
पूर्व मंत्री गौतम सिंह, जदयू महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कुसुम देवी, जिला महासचिव शंकर मालाकार सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।