मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का क्रियान्वयन प्रगति पर है
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री, बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान औरंगाबाद जिले के लिए की गई विभिन्न घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में पथ निर्माण, भवन निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य तथा नगर विकास विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा योजनावार अद्यतन प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का क्रियान्वयन विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। समीक्षा के दौरान देव नगर पंचायत में रिंग रोड निर्माण (142.23 करोड़ रुपये) के संबंध में बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है। धारा 11(1) का प्रकाशन दिनांक 15.08.2025 को किया जा चुका है तथा संबंधित मौजों के प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार विशुनपुर कैनाल निर्माण योजना (131.54 करोड़ रुपये) का कार्य प्रगति पर है तथा इसका भौतिक प्रगति लगभग 1.4 प्रतिशत है। योजना के पूर्ण होने की संभावित तिथि 24 अगस्त 2027 निर्धारित है। राष्ट्रीय उच्च पथ पर ट्रॉमा सेंटर निर्माण (9.64 करोड़ रुपये) के संबंध में बताया गया कि चहारदीवारी का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा भवन के भू-तल की छत तक का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। योजना का लगभग 15 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा इसे अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
बैठक में यह भी बताया गया कि औरंगाबाद शहर में अदरी नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट (74.77 करोड़ रुपये) का कार्य प्रगति पर है तथा इसकी भौतिक प्रगति लगभग 7 प्रतिशत है। योजना को जनवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त मदनपुर प्रखंड के चाँद बिगहा ग्राम में केशहर नटी पर चेक डैम निर्माण (10.6 करोड़ रुपये) का कार्य प्रगति पर है, जिसकी भौतिक प्रगति लगभग 45 प्रतिशत है तथा इसे जुलाई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
समीक्षा के दौरान देव नगर पंचायत स्थित सूर्य मंदिर के समीप सूर्य कुंड एवं रूद्र कुंड परिसर से एसएच-101 तक ग्रीनफील्ड संपर्क पथ (प्रगति पथ) निर्माण (59.39 करोड़ रुपये) के संबंध में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। बैठक में यह भी बताया गया कि औरंगाबाद जिले के मदनपुर, औरंगाबाद, नबीनगर, हसपुरा, गोह, ओबरा एवं दाउदनगर प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण (116.34 करोड़ रुपये) की योजना स्वीकृत है। हसपुरा एवं दाउदनगर में नींव खुदाई का कार्य प्रगति पर है, जबकि अन्य प्रखंडों के लिए निविदा एवं वित्तीय प्रक्रिया संचालित है।
इसी प्रकार औरंगाबाद जिले में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं स्टेडियम निर्माण (29.45 करोड़ रुपये) योजना के अंतर्गत चहारदीवारी का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है तथा मल्टीपरपज हॉल के नींव एवं सोलिंग का कार्य भी संपन्न किया जा चुका है। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण, निविदा, सर्वेक्षण एवं निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए अनावश्यक विलंब से बचा जाए तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में तकनीकी अथवा प्रशासनिक अड़चनें हैं, उन्हें त्वरित रूप से सक्षम स्तर पर प्रतिवेदित कर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंच सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।