मुख्यमंत्री की “समृद्धि यात्रा” के दृष्टिगत मुंशी बिगहा सभा स्थल पर की गई संयुक्त ब्रीफिंग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल द्वारा मुख्यमंत्री, बिहार की “समृद्धि यात्रा” के दृष्टिगत मुंशी बिगहा सभा स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया।

निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड, कारकेड, विश्राम स्थल सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे तथा अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रवेश बिंदुओं पर सघन जांच एवं तलाशी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में एंटी सबोटेज जांच, लगातार निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सादी वर्दी में पुलिस बल को भी तैनात कर भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही संभावित विरोध या अव्यवस्था की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक तैयारी रखने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, प्रवेश-निकास मार्ग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी रखने एवं किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री पर त्वरित कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।