नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मखदुमपुर (जहानाबाद)। बुधवार के दिन सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक जिले के ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ पहुंचे एवं चल रहे श्रावणी मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को कई निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री पातालगंगा इलाके में श्रावणी मेले का जायजा लेते हुए कुछ सीढ़िया चढ़कर पहाड़ी इलाके का भी जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पहाड़ी इलाका में हो रहे रोपवे निर्माण समेत कई विकास योजनाओं की जानकारी ली।
वाणावर पहुंचने पर मुख्यमंत्री के स्वागत में डीएम अलंकृता पांडे एवं एसपी विनीत कुमार मौजूद रहे, उन्होंने पौधा देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मौके पर जदयू के कई नेता एवं स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण समेत कई मांगे रखी जिस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों को जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया।
बताते चले कि 20 साल के शासन में पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक स्थल वाणावर की धरती पर पहुंचे। जहां विकास योजनाओं की जानकारी लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मखदुमपुर प्रखंड के वाणावर में हुए अचानक दौरे पर पूरे प्रशासनिक महकमे में गहमा गहमी बनी रही। जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस को एनएच- 22 पर तैनात कर दिया गया था।
इस दौरान जिले के सभी वरीय पदाधिकारी आनन फानन में वाणावर पहुंचे और वहां विधि व्यवस्था का जायजा लिया। वही मुख्यमंत्री को वाणावर पहुँचने और श्रावणी मेला का निरीक्षण करने पर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। हालांकि मुख्यमंत्री का अचानक और संक्षिप्त यात्रा का क्या उद्देश्य और निहितार्थ था यह राजनीतिक गलियारों में विश्लेषण का विषय बना हुआ है। वही देखा जाए तो जिले के आमलोगों ने मुख्यमंत्री के दौरे का स्वागत किया है।