नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। सावन के मौसम की शुरुआत होते ही महिलाओं के हाथों में मेहंदी सजने लगी है। ऐसे में मसौढ़ी में महिलाओं ने अपने साजन के नाम पर हाथों में मेहंदी रचाई और सावन के गीतों पर झूमते हुए सावन महोत्सव मनाया। कुमारी खुशबू रानी ने बताया कि मेंहदी का बहुत ही खास महत्व है, ये ना सिर्फ सजने-संवरने का हिस्सा है बल्कि आस्था और भक्ति का भी प्रतीक मानी जाती है। उन्होंने बताया की सावन में मेहंदी लगाने से माता पार्वती प्रसन्न होती हैं और पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम और सौभाग्य बढ़ता है।
मसौढ़ी अवध अस्पताल की डॉ राखी रानी ने बताया की मेहंदी ना सिर्फ हाथों की सुंदरता को बढ़ाती है बल्कि यह शरीर को ठंडक भी पहुंचती है। हाथों में मेहंदी लगाने से शरीर को ठंडक मिलती है, जिससे मेंटल स्ट्रेस कम होता है और मन को भी सुकून मिलता है। दिमाग को शांत और संतुलित बनाए रखने के लिए मेहंदी एक थेरेपी का काम करती है। सावन की उमस भरी गर्मी में मेहंदी का शीतल प्रभाव और भी अधिक सुकून देता है।
मौके पर खुशबू रानी, रंजू यादव, अर्चना कुमारी, अनिता कुमारी, नेहा कुमारी, निशा कुमारी, निधि कुमारी, पूनम कुमारी, कुसुम एवं नेहा पटेल आदि शामिल रहे।