नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। ईद-उल-फितर के अवसर पर मसौढ़ी में उत्साह और भाईचारे का अद्भुत माहौल देखने को मिला। शहर के गांधी मैदान में हजारों नमाजियों ने एकत्र होकर सामूहिक नमाज अदा की और देश की तरक्की, अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
इसके अलावा पुरानी बाजार मस्जिद ईदगाह समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर भी नमाज अदा की गई। पूरे मसौढ़ी में लगभग 39 स्थानों पर नमाज के आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

नमाज के दौरान इमाम ने लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारा और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा सबसे बड़ी इबादत है और जिन घरों में बुजुर्गों को सम्मान नहीं मिलता, वहां इबादत का महत्व अधूरा रह जाता है। नमाजियों ने इस संदेश को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपने गुनाहों से तौबा की।
ईद के मौके पर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। हर ओर खुशी, उमंग और सौहार्द का माहौल नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ प्रभाकर कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही शिक्षाविद राहुल चंद्रा, डॉ. मंगल, पंकज कुमार सहित विभिन्न समाजसेवियों की उपस्थिति ने हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की।