नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक की गई। अध्यक्षता एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने की। पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि बकरीद को सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वाले संदेश साझा नहीं करने की भी हिदायत दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था, नमाज के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा कुर्बानी के बाद स्वच्छता बनाए रखने की बात कही।