चॉकलेट की जिद कर रहे बच्चे को मामा ने कथित तौर पर खेलने के लिए दी थी पिस्तौल, घटना के बाद से मामा के फरार होने की सूचना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्चा अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मामा ने उसे खेलने के लिए पिस्तौल दे दी। तभी अचानक गोली चल गई और मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल ले गए। बाद में उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल भी ले जाया गया। हालांकि, बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
बच्चे की मां शोभा देवी का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पिस्तौल असली है। घटना के बाद पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अस्पताल से बच्चे का मामा फरार हो गया। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और हथियारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मामा के पास पिस्तौल कहां से आई? क्या हथियार रखने के नियमों का पालन किया जा रहा था? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।