नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कुटुंबा प्रखंड के पिपरा बगाही पंचायत के मुखिया तौहिद आलम के मुरौली बुजुर्ग स्थित आवास पर अपराधियों द्वारा फायरिंग का मामला सामने आया है। हालांकि, उस वक्त मुखिया घर पर नहीं थे। दरअसल, मुखिया पर महिलाओं के साथ मारपीट का आरोप है। 2 दिन पहले ग्रामीणों ने मुखिया का पुतला दहन किया था। घटना के बाद इन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई है। गोली मुखिया के घर के मेन दरवाजा को भेदते हुई दीवार से टकराई जिसमें घर में सो रहे लोग बाल बाल बच गए। घटना बुधवार की देर रात की है।
मुखिया तौहीद आलम ने बताया कि बुधवार की रात में घर पर नहीं थे। लगभग 2 बजे रात में अपराधी उनके घर पहुंचे और आवाज लगाई। पत्नी ने अंदर से पूछा कि कौन है तो बोला कि मुखिया को बाहर भेजिए। जब उन्होंने कहा कि मुखिया घर पर नहीं है, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर फायरिंग की। घर से घटना की सूचना कुटुंबा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुटुंबा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
मुखिया ने सरकार से सुरक्षा की मांग की है। बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार फोन पर जान मारने की धमकी मिल रही थी। डर से उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया है। बताया कि उनके गांव में पंचायत के ही फुलवरिया गांव के अजय मेहता की पत्नी सिंधु देवी कांग्रेस पार्टी में है। ये पिछले दिनों पार्टी की ओर से चलाए जा रहे माई बहन सम्मान योजना का रजिस्ट्रेशन करने आई थी। इस दौरान महिलाओं से ओटीपी और उनका आधार कार्ड लिया जा रहा था। महिला ग्रामीण महिलाओं से पैसे की भी वसूली कर रही थी। जानकारी मिलने पर जब वहां पहुंचे और उससे पूछताछ की, तो उसने अभद्रता पूर्वक व्यवहार किया। मैंने पूछा कि 100-50 रुपए सभी से क्यों ले रहे हैं। तो उन्होंने कहा कि आप क्यों पूछ रहे हैं।
हमने कहा कि यहां के मुखिया है, हम क्यों नहीं पूछ सकते हैं। महिलाओं ने मेरा कॉलर पकड़ लिया। हमने कोई मारपीट नहीं है। उसके बाद कुछ लोगों ने मामले को तूल दी है। मेरे खिलाफ थाने में महिला के साथ मारपीट का एफआईआर दर्ज कराया गया। घटना के बाद से ही महिला के पक्ष से कुछ लोग मुझे धमकी दे रहे थे। मुखिया ने बताया कि कुछ लोगों से उनकी जान को खतरा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। कहा है कि मुझे जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में मैं एफआईआर दर्ज कराऊंगा। थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।