नवरात्र में भक्ति और संस्कृति का संगम, पारंपरिक परिधानों में सजकर डांडिया खेलने पहुंचे महिला-पुरुष
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मसौढ़ी में भक्ति और उत्साह का माहौल है। गुजरात के प्रसिद्ध डांडिया और गरबा नृत्य का आकर्षण अब मसौढ़ी में भी देखने को मिल रहा है। रविवार की शाम रेलवे स्टेशन रोड स्थित मंडप के पास श्री काली पूजा समिति की ओर से भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के साथ ही ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर डांडिया और गरबा की मस्ती शुरू हो गई। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने नृत्य कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। देर रात तक चले महोत्सव में युवा और अन्य प्रतिभागी संगीत की धुन पर थिरकते रहे।
समिति के आयोजक अश्विनी कुमार उर्फ गोल्डी ने बताया कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के उद्देश्य से इस बार विशेष रूप से डांडिया और गरबा महोत्सव आयोजित किया गया है। नवरात्र के पावन अवसर पर इस आयोजन के माध्यम से भक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं का संगम प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम धनराज कुमार ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। वहीं, डीएसपी राघव दयाल ने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर समिति के सदस्यों को आवश्यक निर्देश दिए।
महोत्सव में वार्ड पार्षद उज्ज्वल कुमार, पलटन सिंह, रामनरेश सिंह, लालमोहन सिंह सहित श्री काली पूजा समिति के सदस्य और सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।