डीएवी पब्लिक स्कूल का वार्षिक दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के दानी बिगहा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को वार्षिक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह उत्साह, उल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह सहित अन्य ने भाग लिया।

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाटक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की आत्मविश्वासपूर्ण मंच प्रस्तुति, अनुशासन और कला कौशल ने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक संदेश, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में डीएवी पब्लिक स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अनुशासन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, संस्कार और सर्वांगीण विकास की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

प्राचार्य अल्पना मिश्रा ने बताया कि वार्षिक दिवस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह में विद्यालय के एआरओ वीके पाठक, नबीनगर के प्राचार्य विनय कुमार गुप्ता, डॉ शीला वर्मा, डॉ चंद्रशेखर प्रसाद, डॉ ऋत्विक सिंह, राघवेन्द्र प्रताप नारायण सिंह समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।