देव मंदिर न्यास समिति के सदस्यों एवं पुजारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी देव चैती छठ मेला 2026 की तैयारी एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर देव मंदिर परिसर में देव मंदिर न्यास समिति के सदस्यों एवं पुजारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी एवं विधायक द्वारा देव चैती छठ मेला की संपूर्ण तैयारियों एवं मंदिर परिसर में चल रहे विकासात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालु भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हों।

गौरतलब है कि देव चैती छठ मेला 2026 का आयोजन दिनांक 22 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक किया जाना निर्धारित है। मेला का उद्घाटन दिनांक 22 मार्च 2026 को देव स्थित सूर्यकुंड के पास किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु एवं व्रती छठ व्रत करने एवं देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना हेतु पहुंचते हैं। इस कारण मेला अवधि में अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा मेला के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवासन स्थल, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, वाहन पार्किंग, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस की व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त, भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकास मार्गों का निर्धारण किया गया है तथा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से आवागमन की सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में चिकित्सा शिविर स्थापित किए जा रहे हैं, जहां चिकित्सकों एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अग्निशमन विभाग की टीम भी पूरी तरह सतर्क रहेगी।
जिला पदाधिकारी एवं विधायक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर न्यास समिति, पुजारियों तथा आम नागरिकों से अपील की कि मेला के सफल आयोजन हेतु प्रशासन का सहयोग करें तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि देव चैती छठ मेला जिले की आस्था, संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसे सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।