विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह और पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह ने बांटे कम्बल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। देव मंगल मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को जमहोर पंचायत, पडरआवा पंचायत एवं कुर्मा पंचायत के जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत आज से हुई, जो औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगा।
कार्यक्रम में देव मंगल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह, औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता एवं देव मंगल ट्रस्ट के प्रबंध निदेशक गोविंद नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर बताया गया कि ठंड के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद, गरीब परिवारों, दिव्यांग एवं विकलांग लोगों को कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे ठंड से सुरक्षित रह सकें। कल कर्म भगवान बेला पंचायत एवं खैर बिन पंचायत में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान के तहत औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायतों में कंबल वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि देव मंगल मेमोरियल ट्रस्ट प्रत्येक वर्ष हजारों गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच विभिन्न सेवा कार्य करता है।
ट्रस्ट द्वारा मोतियाबिंद ऑपरेशन, चिकित्सा जांच शिविर, रक्तदान शिविर, कंबल वितरण, होली मिलन समारोह सहित अनेक सामाजिक और सेवा गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाती रही हैं। उसी कड़ी में इस वर्ष भी सभी पंचायतों में कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है।
कंबल वितरण कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, जिला प्रवक्ता उज्जवल कुमार सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंदन कुमार, जवाहर पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेंद्र गुप्ता, अनिल अग्रवाल, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, अभिषेक कुमार तथा धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।