‘रेल संवाद’ कार्यक्रम के तहत धनबाद-अल्लपुझा एक्सप्रेस के यात्रियों से की बातचीत, यात्री सुविधाएं बेहतर बनाने के दिए निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने धनबाद जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘रेल संवाद’ कार्यक्रम के तहत धनबाद-अल्लपुझा एक्सप्रेस के यात्रियों से सीधे बातचीत की। यात्रियों से सफर का अनुभव जाना और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही, बेहतर रेल सुविधाओं के लिए उनके सुझाव भी प्राप्त किए। रेलवे की ओर से यात्रियों की समस्याओं को समझने और सेवाओं में सुधार करने के उद्देश्य से ‘रेल संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में डीआरएम अखिलेश मिश्रा धनबाद जंक्शन पहुंचे और स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम के दौरान डीआरएम ने एक्सप्रेस के यात्रियों से बातचीत कर उनकी अपेक्षाओं और यात्रा संबंधी अनुभवों को जाना। यात्रियों ने अपनी समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े सुझाव साझा किए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर धनबाद रेल मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब यात्रियों से मिले सुझावों और समस्याओं के आधार पर रेलवे की ओर से सुविधाओं में सुधार के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर नजर रहेगी।