नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की औरंगाबाद जिला में “समृद्धि यात्रा” के पश्चात जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा कुल 262 योजनयों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया जिसकी कुल प्राकलित राशि 678 करोड़ है। उन्होंने बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने मुंशी बिगहा में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जीविका दीदियों को “दीदी की रसोई एक्सप्रेस फूड ट्रक” के शुभारंभ हेतु सांकेतिक चाभी प्रदान की गई।
वहीं पूर्व में “प्रगति यात्रा” के दौरान चयनित एवं स्वीकृत कुल चार योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल, औरंगाबाद अंतर्गत (1) गया–औरंगाबाद भाया परैया, गुरारू, रफीगंज (पार्ट-B) पथ के कि०मी० 27.80 से 64.170 तक चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण (कुल लंबाई 34.37 कि०मी०) कार्य, जिसकी लागत 10407.14 लाख रुपये है, (2) देव सूर्यकुण्ड (एस०एच०-101) से देव बाईपास (प्रगति पथ) (4-लेन) पथ निर्माण (कुल लंबाई 1.00 कि०मी०) कार्य, जिसकी लागत 5825.965 लाख रुपये है, तथा (3) देव रिंग रोड के कि०मी० 0.00 से 8.60 तक पेव्ड शोल्डर सहित 2-लेन (एन०एच०-30 का लेफ्ट आउट भाग) पथ निर्माण (कुल लंबाई 8.60 कि०मी०) कार्य, जिसकी लागत 13492.62 लाख रुपये है, शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत औरंगाबाद में ट्रामा सेंटर निर्माण (लागत 964.00 लाख रुपये) का भी शिलान्यास किया गया।