डीएम ने किया राजकीय मध्य विद्यालय, तेयाप का औचक निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा गोह प्रखंड अंतर्गत अवस्थित राजकीय मध्य विद्यालय, तेयाप का औचक निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, अनुशासनात्मक व्यवस्था एवं विभिन्न शैक्षणिक तथा कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय में छात्र उपस्थिति, कक्षा संचालन, पठन-पाठन की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित किया तथा उनकी शैक्षणिक समझ, अध्ययन स्तर एवं विषयगत दक्षता का मूल्यांकन किया।

जिला पदाधिकारी द्वारा मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सामग्री भंडारण, रसोईघर की स्थिति एवं भोजन वितरण प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक, स्वच्छ एवं समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं यथा शुद्ध पेयजल, शौचालयों की स्वच्छता, कक्षा की स्थिति, फर्नीचर, पुस्तकालय एवं खेल सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण को निर्देशित किया कि नियमित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, विद्यार्थियों की उपस्थिति में वृद्धि हेतु अभिभावकों से निरंतर संपर्क रखा जाए तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोह उपस्थित रहे।