जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की प्रथम बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज समाहरणालय, औरंगाबाद के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार (निवारण) अधिनियम के तहत पीड़ितों को ससमय मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। अब तक कुल 632 पीड़ितों के बीच 4,79,85,600/- (चार करोड़ उनासी लाख पचासी हजार छह सौ रुपये) की मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त हत्या से संबंधित 25 मामलों में मृतकों के आश्रितों को माह मार्च 2026 तक पेंशन का भुगतान किया गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि अधिनियम के अंतर्गत पीड़ितों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास एवं न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध हो सके।
लंबित मामलों की अद्यतन समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त द्वारा जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि शेष मामलों में मुआवजा भुगतान हेतु आवश्यक सभी प्रक्रियाएं पूर्व से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि विभाग से आवंटन प्राप्त होते ही पीड़ितों को त्वरित रूप से मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान सदस्य राजेश्वर पासवान द्वारा विभिन्न थाना कांडों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम से संबंधित मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष अनुसंधान तथा पीड़ितों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। इस पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में समन्वित कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विधायक, कुटुंबा ललन राम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण, कोषागार पदाधिकारी महंथ स्वरूप, जिला कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार, विधायक औरंगाबाद प्रतिनिधि, विधायक, ओबरा प्रतिनिधि, विधायक, गोह प्रतिनिधि, विशेष लोक अभियोजक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्य मधेश्वर पासवान, राजेश्वर पासवान सहित अन्य सदस्य एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।