जिला पंचायत संसाधन केन्द्र, औरंगाबाद का किया गया निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज पंचायत आम निर्वाचन–2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से मल्टी पोस्ट ई०वी०एम० के सुरक्षित भंडारण हेतु वेयरहाउस के चयन के क्रम में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह द्वारा जिला पंचायत संसाधन केन्द्र, औरंगाबाद का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत संसाधन केन्द्र के द्वितीय तल का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान बी०यु० (Ballot Unit), सी०यु० (Control Unit), एस०डी०एम०म० (SDMM) एवं टोटलाईजर मशीनों के सुरक्षित भंडारण के लिए चिन्हित कुल 05 (पांच) कमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में कमरों की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त स्थान, पहुंच मार्ग, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया, ताकि चुनाव से संबंधित सामग्रियों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जा सके।
उप विकास आयुक्त द्वारा निरीक्षणोपरांत जिला पंचायत राज पदाधिकारी, औरंगाबाद को निर्देशित किया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में आवश्यक चेकलिस्ट तैयार करते हुए सभी बिंदुओं का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वेयरहाउस के रूप में चयनित स्थलों पर सुरक्षा, निगरानी तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप सुदृढ़ करने की भी बात कही गई।
उन्होंने कहा कि पंचायत आम निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करना अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में ईवीएम मशीनों के सुरक्षित भंडारण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी, औरंगाबाद इफ्तेखार अहमद सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।