धूमधाम से मनी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शुक्रवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के विद्या निकेतन (शुक बाजार) प्रांगण में धूमधाम से मनाई गयी। इस अवसर पर विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुरेश कुमार गुप्ता ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण की। साथ में विद्या निकेतन के प्राचार्य सरयू प्रसाद तांती, प्रशासक संदीप कुमार एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पण्डित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद प्रत्येक कक्षाओं में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जीवनी पर लेखन प्रतियोगिता एवं आपस में परिचर्चा आयोजित की गई। विद्यालय के शिक्षक मुकेश गिरी, अखिलेश कुमार सिंह और रमा रानी जैन के नेतृत्व में कक्षा षष्ठ से लेकर दशम तक के बच्चों के बीच ग्रुप बनाकर क्विज कंपटीशन का आयोजन किया गया, जिसमें तीन राउंड के प्रदर्शन के आधार पर कक्षा नवम के छात्र-छात्राएं मुस्कान कुमारी, प्रीत साहनी, धीरज कुमार और छोटी ने विजेता का खिताब हासिल किया। कक्षा षष्ठ के छात्र-छात्राओं ने उपविजेता का खिताब हासिल किया, उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र और लेखनी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीईओ आनंद प्रकाश ने कहा कि भारत एक देश है और एक साथ मिलकर चले तभी देश और राष्ट्र का विकास हो सकता है। एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना पंडित जवाहरलाल नेहरू के त्याग और समर्पण का प्रतीक है। डिप्टी सीईओ इंजीनियर विद्यासागर ने कहा कि नेहरू जी ने जिस तरह से सभी को जोड़कर चला है यह हमारे लिए अनुकरणीय है। हमें भी एक दूसरे के साथ चलना होगा। टेक्निकल एडवाइजर विनय प्रकाश ने कहा कि आज पंडित जवाहरलाल नेहरू के द्वारा बताए गए एकजुटता के रास्ते पर हम सभी को चलना होगा और भविष्य में देश के लिए कुर्बानी देनी पड़े तो देना होगा।
प्राचार्य सरयू प्रसाद तांती ने कहा कि पण्डित जवाहर लाल नेहरु मन से, कर्म से और तन से काफी सशक्त रहे तभी सभी छोटे रियासतों को मिलाकर उन्हें बड़ा रियासत बनाया। प्रशासक संदीप कुमार ने कहा कि सभी विद्यार्थी अध्यनरत विषयों को आपस में संजोकर एक उच्च शिखर पर पहुंचने वाले और परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं के रूप में अपने आप को विकसित करें और हमें सर्वश्रेष्ठ परिणाम दें तभी आपके पठन-पाठन की गुणवत्ता साबित होगी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुमित कुमार सोनी, राजेश पांडे, सत्येंद्र कुमार, गिरजा ठाकुर, सुमन कुमारी, श्रेया कुमारी, रिया कुमारी, रोशन कुमार, प्रवीण कुमार आदि उपस्थित रहे।