नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। चिराचास थाना इलाके के वार्ड संख्या 6 न्यू पिनरगोड़िया में एक महिला को घर में अकेला पाकर भिखारी के वेश में आई महिला ने उसे बेहोश कर दिया। घर में रखे साढ़े तीन लाख रुपए के जेवर और 5 हजार नकद लेकर चम्पत हो गई।
बताया गया है कि सलवार सूट पहने एक महिला ने भीख मांगने को लेकर सुल्ताना के दरवाजे पर दस्तक दी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो भीख में चावल मांगी। सुल्ताना जैसे ही चावल लाने के लिए मुड़ कर आगे बढ़ी कपड़े से उसके नाक और मुंह को बंद कर दिया। वह बेहोश हो गई। उसके बाद महिला घर के अलमीरा में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। घर में केमिकल लगा कपड़ा भी मौके पर पड़ा हुआ था।

जब पीड़िता सुल्ताना की बेटी रेहाना प्रवीण घर पहुंची तो मां को बेहोश पाया। अंदर जाकर देखा तो अलमीरा खुला हुआ था और जेवरात गायब थे। पीड़ित सुल्ताना ने बताया कि उसने सिर्फ सलवार सूट पहले महिला को देखा था। प्रतिदिन इस तरह भीख मांगने लोग आते हैं। बेहोश होने के बाद मैंने कुछ भी समझ नहीं पाई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चास के एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घरवालों के मुताबिक दो-तीन दिन पहले एक पुरुष भीख मांगने आया था और पीड़ित महिला से उसके परिवार से लेकर लंबी बातचीत की थी। आज एक महिला भीख मांगने के लिए आई और इस घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि यह नशा खुरानी गिरोह के तर्ज पर इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है लिखित आवेदन देने के बाद पूरी जानकारी मिलेगी कि कितने की चोरी महिला के द्वारा किया गया है।