कालीबाड़ी की जय मां काली दुर्गा पूजा समिति ने पुरातन से आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को किया प्रदर्शित, विद्यार्थियों पर बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव को भी दर्शाया
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। दुर्गा पूजा के अवसर पर हजारीबाग में आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण किया गया है। इनमें जय मां काली दुर्गा पूजा समिति, कालीबाड़ी का पंडाल अपनी अनूठी थीम के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस वर्ष पंडाल की थीम ‘शिक्षा सभी के लिए’ रखी गई है। इसके माध्यम से शिक्षा का उद्देश्य, महत्व और बदलती शिक्षा व्यवस्था को दर्शाने का प्रयास किया गया है। पंडाल में पुरातन शिक्षा पद्धति से लेकर आधुनिक शिक्षा व्यवस्था तक के सफर को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही वर्तमान समय में शिक्षकों, विद्यालयों और विद्यार्थियों पर बढ़ते दबाव को भी दर्शाया गया है। पढ़ाई के बढ़ते तनाव के कारण चिंता और अवसाद जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों की स्थिति को मूर्तियों और विभिन्न कलात्मक आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

पंडाल के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य व्यक्ति का सर्वांगीण विकास करना भी है। शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और उनकी वास्तविक जरूरतों पर ध्यान देना आवश्यक है। पंडाल की थीम के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा को अजंता शैली में तैयार किया गया है, जो अपनी कलात्मकता और विशिष्ट रूप के कारण लोगों को आकर्षित कर रही है।

वहीं, समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। इसके तहत समिति के सदस्यों के लिए कपड़े की थैलियां तैयार की गई हैं। इन थैलियों में सदस्यों को भोग का प्रसाद दिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार कालीबाड़ी का यह पूजा पंडाल धार्मिक आस्था के साथ शिक्षा के महत्व, विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहा है।