नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। शारदीय नवरात्र के साथ ही मसौढ़ी शहर माँ दुर्गा की भक्ति और उल्लास में डूब गया है। शहर में दुर्गा पूजा को लेकर भव्य पंडाल सजकर तैयार हो गए हैं। इस वर्ष मसौढ़ी शहर में 55 जगहों पर पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मसौढ़ी थाना रोड स्थित भारत माता पूजा समिति द्वारा इस वर्ष दक्षिणी कोलकाता के भव्य मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है। इसकी भव्यता और कलाकृति देखते ही बन रही है। वहीं स्टेट बैंक के पास माँ काली पूजा समिति के द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
अस्पताल रोड में गुजरात के प्रसिद्ध शिव मंदिर की थीम पर पंडाल सजाया गया है, जो अपनी अनूठी डिजाइन के कारण लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा संगतपर मोड़ पर नाव पर अनोखा पूजा पंडाल बनाया गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जाता है कि मसौढ़ी में पिछले 45 सालों से भव्य रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर साल यहाँ के पंडाल अपनी कलाकृति और भव्यता के लिए पूरे जिले में प्रसिद्ध होते हैं। इस बार भी पंडालों में सागर मंथन सहित कई पौराणिक कथाओं के दृश्य दर्शाए गए हैं।
त्योहार को लेकर अनुमंडल प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। शांतिपूर्ण और सुरक्षित पूजा के लिए 91 जगहों पर पुलिस मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह ड्रॉप गेट, वॉच टावर लगाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सभी पूजा पंडाल समितियों को अपने स्तर से वालंटियर तैनात कर भीड़ नियंत्रण करने का निर्देश दिया गया है।