बेताब अहमद
सासाराम। दुर्गापूजा के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने सासाराम के तकिया एवं रोजा रोड क्षेत्र का भ्रमण कर दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया तथा पूजा समितियों द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन, उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विप्लव कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पंडालों की संरचना, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जांच की जाए। विद्युत तारों एवं अस्थायी विद्युत संयोजनों को सुरक्षित रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकिया एवं रोजा रोड जैसे प्रमुख आवागमन वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए। पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाए तथा श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। आवश्यकता के अनुसार यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए, ताकि आम नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन सुचारु बना रहे।

जिला पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस गश्ती, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों एवं आसपास के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। जहां सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध हैं, वहां उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकतानुसार निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साफ-सफाई, पेयजल, सार्वजनिक मार्गों की उपलब्धता तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अव्यवस्था की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आमजन की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व के दौरान शांति, सद्भाव एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे। जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों एवं पूजा समितियों से अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा मनाने में सहयोग प्रदान करें।