नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नबीनगर प्रखंड के चंद्रगढ़ स्थित डॉक्टर गुप्तेश्वर प्रसाद सिंह नंदकिशोर नारायण सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज के 60 छात्र-छात्राओं का दल शुक्रवार को शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए राजगीर एवं नालंदा के लिए रवाना हुआ। महाविद्यालय परिसर से परिभ्रमण बस को संस्थान के सचिव पंकज कुमार सिंह एवं बीएड के प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
सचिव पंकज कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तक आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव भी मिलना चाहिए। ऐसे शैक्षणिक परिभ्रमण से विद्यार्थियों के ज्ञान का विस्तार होता है और उनका मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि संस्थान समय-समय पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।

परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं विश्व शांति स्तूप, राजगीर रोपवे, ब्रह्मकुंड, राजगीर नेचर सफारी तथा जरासंध का अखाड़ा जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही छात्र-छात्राएं प्राचीन भारत के गौरवशाली शैक्षणिक केंद्र नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर का भी भ्रमण करेंगे, जहां वे प्राचीन शिक्षा प्रणाली और ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा इस शैक्षणिक यात्रा के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की टीम भी मौजूद रहेगी, जो उन्हें विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और मार्गदर्शन का कार्य करेगी।
इस शैक्षणिक परिभ्रमण में महाविद्यालय परिवार के सदस्य विकास कुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अमित कुमार सिंह, शुभम, सुधा सिंह, श्वेता तिवारी, रामासागर, सुशील कुमार एवं सुनील सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।