निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ईद मिलाद-उन-नबी पर दिया भाईचारे और एकता का संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन। रोहतास जिला के डेहरी ऑन सोन में ईद मिलाद-उन-नबी/बारह वफात का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रहमतुल्लिल आलमीन हजरत मोहम्मद साहब (सअव) के जन्मदिन पर मुस्लिम समुदाय द्वारा एक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। जुलूस के दौरान फिजा ‘सरकार की आमद मरहबा-मरहबा’ और नात-ए-पाक के नारों से घंटों गूंजती रही डेहरी शहर। जुलूस जमा मस्जिद 12 पत्थर से शुरू होकर लगभग तीन किलोमीटर तक डेहरी बाजार, सदर चौक, अंबेडकर चौक, इसलामगंज, मणिनगर, जक्की बिगहा, स्टेशन रोड, पाली रोड, शिवगंज, थाना चौक से गुजरा और वापस जामा मस्जिद 12 पत्थर पहुंच कर समाप्त हुआ। जुलूस में तिरंगे झंडों के साथ पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की शान में धार्मिक झंडे भी शामिल थे। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी हाथों में झंडे लेकर उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
जुलूस के दौरान धार्मिक नारों और मिलाद के माहौल से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर डेहरी शहर की मस्जिदों और प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगे बल्बों व फूलों से सजाया गया था। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह जुलूस का फूलों से स्वागत किया। जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी, चाय और ठंडे पेय की व्यवस्था भी की गई थी। जुलूस के दौरान पैगंबर मोहम्मद की शान में नाते पाक पेश की गईं। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम में लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। रैली के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की इंसानियत, अमन और भाईचारे की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि ईद मिलाद-उन-नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करने का भी पवित्र दिन है। उन्होंने समाज से नफरत और भेदभाव को दूर कर मोहब्बत, अमन, इंसानियत और भाईचारे को अपनाने का आह्वान किया। जुलूस को सफल बनाने में डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी, शाहनवाज खान, महफूज अंसारी, मोहम्मद आजाद हुसैन, असलम कुरैशी, सरफुद्दीन अंसारी, नवाब अख्तर अंसारी, मोहम्मद कलाम, जुनैद अंसारी, सैफुल हक, कुर्बान अंसारी, मोहम्मद कलामुद्दीन,मोहम्मद निजामुद्दीन, मोहम्मद असलम, अब्दुल गफ्फार, मोहम्मद इस्माइल, मोहम्मद जुमाई, समेत हजारों लोग मौजूद थे।
जुलूस के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी राहुल कुमार के नेतृत्व में डेहरी थाना पुलिस बल तैनात रहा। तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर जुलूस की निगरानी कर रहे थे। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता, आयोजकों के सहयोग और लोगों की सहभागिता के कारण जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।