नवबिहार टाइम्स संवाददाता
जमुई। जिले के खैरा थाना अंतर्गत धोबघट गाँव में एक व्यक्ति लालू सिंह पिता मुरारी सिंह को गोली लगने से मौत हो गई। घटनास्थल पर एफएसएल की विशेषज्ञ टीम द्वारा सशक्त अनुसंधान हेतु वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक के बड़े भाई एवं उनकी पत्नी से मृतक एवं उनके छोटे भाई का घर के सामने संध्या में विवाद शुरू हुआ। इस विवाद और झगड़े के क्रम में मृतक के बड़े भाई द्वारा फायरिंग कर मृतक एवं छोटे भाई को घायल कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद द्वारा इस घटना में सभी संलिप्तों की गिरफ्तारी हेतु सतीश सुमन, एसडीपीओ जमुई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित किया गया। तत्क्षण खैरा थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, गिद्धौर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों की 5 टीमों द्वारा जिला पुलिस की तकनीकी टीम के साथ मिलकर संदिग्ध व्यक्ति के संभावित ठिकानों एवं मूवमेंट पर सघन तलाशी एवं छापामारी किया गया। इसके फलस्वरूप मात्र 3 घंटे में घटना में संलिप्त कुनकुन सिंह एवं उसकी पत्नी शिखा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही प्रयुक्त हथियार को भी जमुई पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम मिथलेश सिंह उर्फ कुनकुन सिंह, पिता मुरारी सिंह, शिखा देवी पति कुनकुन सिंह है।