नवबिहार टाइम्स संवाददाता
ओबरा (औरंगाबाद)। खुदवां पैक्स चुनाव में निर्वाचित अध्यक्ष और समिति सदस्यों को प्रखंड परिसर स्थित सभागार में प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूनिस सलीम ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान सदस्यों ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस के प्रति आभार जताया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार शर्मा ने अपने कार्यालय कक्ष में समिति सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को अंगवस्त्र और पुष्प देकर सम्मानित किया। अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत की जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समन्वय के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पैक्स के माध्यम से किसानों से जुड़े सभी कार्यों का निष्पादन तत्परता से किया जाएगा और किसी भी प्रकार की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी और निर्धारित समय पर धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित कराई जाएगी।
बैठक के दौरान प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने भी सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी सदस्यों को दी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
इस मौके पर समिति के सदस्य रंजीत कुमार, रंजू कुमारी, देवेंद्र यादव, मनसा देवी, महेंद्र साव, रामपुरी देवी, रोशन कुमार, विद्यावती देवी, शंभू कुमार, सुभम कुमार, हरेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।