नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं है। बिजली विभाग ने वैसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू कर दी है जिन्होंने बिजली बिल के भुगतान मे लापरवाही बरती है। बिजली कंपनी मुख्यालय के निर्देश के आलोक में औरंगाबाद प्रमंडल अंतर्गत विशेष दस्ता टीम तैयार कर बिजली बिल वसूली की कार्रवाई की जा रही है। वैसे उपभोक्ता जो नियमित रूप से अपना बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनका बिजली कनेक्शन ऑन स्पॉट काट दिया जा रहा है।
साथ ही दोबारा बिना बिजली बिल भुगतान किए और रिकनेक्शन आदेश लिए बिजली का उपयोग करते पाए जाने पर बिजली विभाग के पदाधिकारी द्वारा दोषी उपभोक्ताओं के विरुद्ध अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। विगत महीने 150 से अधिक उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्युत कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट निःशुल्क बिजली दिए जाने के बावजूद यदि उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को लेकर बिजली विभाग विवश है। उन्होंने बताया कि सभी प्रशाखा स्तर पर करीब दो दर्जन विशेष दस्ता तैयार कर बिजली बिल वसूली का अभियान चलाया जा रहा है और बकाये बिजली बिल रहने की स्थिति में बिजली कनेक्शन तत्क्षण काट दिया जा रहा है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आने वाले त्यौहारिक दिनों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति पाने के लिए उपभोक्ता अपना बकाया बिजली बिल अविलंब भुगतान कर दें। उपभोक्ता अपना बिजली बिल का भुगतान कार्यालय काउंटर पर, ऑनलाइन माध्यम से अथवा मीटर रीडर के द्वारा कर सकते हैं।