पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में रहा दीपोत्सव की धूम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में दीपावली पूर्व दीपोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया जिसमें बच्चों की सक्रिय एवं उत्साहजनक भागीदारी रही।दीपोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने किया। दीपोत्सव में बच्चों के बीच दीया निर्माण एवं रंगोली की प्रतियोगिता संपादित की गई।
प्राचार्य ने बताया कि इस बार की दीपावली विधान सभा चुनाव के पूर्व होने के कारण रंगोली का थीम लोकतंत्र की ताकत : मतदान में शत प्रतिशत भागीदारी रखी गई थी। सभी वर्गों की बच्चियों ने बहुत ही उत्साह के साथ आकर्षक रंगोलियों का निर्माण की। साथ ही सभी बच्चों ने खुद से मिट्टी के दीए बनाकर तरह तरह के खूबसूरत रंगों से सज्जित कर प्रतियोगिता में भाग लिए।
प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह द्वारा गठित जजों के पैनल में नामित मंजू कुमारी, मीना कुमारी एवं नैयर शाहीन ने सभी प्रतिभागियों के रंगोली एवं दीए का अवलोकन किया। रंगोली की स्पर्धा में अष्टम वर्ग की छात्राएं चंचल एवं गुनगुन के द्वारा बनाए गए ईवीएम की रंगोली को प्रथम पुरस्कार दिया गया। साथ ही वर्ग द्वितीय के छात्र लक्ष्मण सिंह के द्वारा बनाए गए दीए को प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
प्राचार्य उदय कुमार सिंह एवं एसपीए नई दिल्ली के विद्यार्थी प्रसून प्रवर ने सभी विजेताओं को संयुक्त रूप से पुरस्कृत करते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने अभिभावकों को हर हाल में आगामी ग्यारह नवंबर को मतदान केंद्रों पर भेजकर मतदान कराना सुनिश्चित करेंगे।