एसडीएम ने कहा- कार्रवाई निरंतर, ट्रैफिक जाम से निजात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कैमूर। जिले के मोहनिया शहर में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मोहनिया एसडीएम के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कई अवैध ठेलों, दुकानों और निर्माणों पर बुलडोजर चला। अवैध पार्किंग करने वाले बाइक सवारों पर भी जुर्माना लगाया गया। इस दौरान मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, कार्यपालक पदाधिकारी, मोहनिया डीएसपी, नगर पंचायत टीम और थाना पुलिस बल मौजूद रहा।

एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। अनधिकृत ठेलों को जब्त किया गया है और बाइक पार्किंग पर सख्ती बरती गई। बाइक बाजार और अंडरपास क्षेत्र में अतिक्रमण से ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। मोहनिया शहर में पांच प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट हैं, जहां अतिक्रमण से यातायात अवरुद्ध होता है।
इस समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिन्हित किए जा रहे हैं। सुबह-शाम दोनों शिफ्ट में अतिक्रमण का निरीक्षण किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति बनाई गई है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमणकारियों को किसी भी हाल में कब्जा जमाने नहीं दिया जाएगा। यह अभियान शहर की सुव्यवस्था और यातायात सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का यह सख्त रवैया स्थानीय निवासियों में राहत की भावना पैदा कर रहा है।