नवबिहार टाइम्स संवाददाता
ओबरा(औरंगाबाद) । प्राथमिक विद्यालय कुसाढ़ी के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजना देवी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत परिसर एवं आसपास के विभिन्न स्थानों पर 25 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापिका रंजना देवी तथा शिक्षक प्रेम कुमार व भोला चौधरी ने उपस्थित छात्रों और अभिभावकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र प्रभावी उपाय है।
शिक्षक वृंद ने कहा कि पेड़ न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को सुचारू रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हरित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखरेख करने का आह्वान किया गया।
पौधारोपण से गांवों में आएगी हरियाली: कुसाढ़ी विद्यालय के बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Leave a Comment
Leave a Comment