मुख्य सचिव से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल, छात्रों पर दर्ज मुकदमे 48 घंटे में वापस लेने की मांग; आंदोलन की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर JPSC और JSSC अनियमितता प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मुख्य सचिव को एक ज्ञापन भी सौंपा।

मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी लगातार JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। भाजपा ने एक बार फिर इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग दोहराई है।
आदित्य साहू ने कहा कि JPSC-JSSC अनियमितता को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे सरकार 48 घंटे के भीतर वापस ले। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे करीब एक हजार छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही सीआईडी जांच पर भारतीय जनता पार्टी और राज्य की जनता को भरोसा नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए सीबीआई जांच आवश्यक बताया।
आदित्य साहू ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं की और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए, तो भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगा।
भाजपा ने साफ किया है कि वह छात्रों के हित और JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।