जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार तत्काल उपलब्ध कराई गई राहत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुई अग्निकांड की घटनाओं पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई।

जिले के बारुण प्रखंड अंतर्गत गठौली पंचायत के तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटना में कई घरों को नुकसान हुआ। वहीं मदनपुर प्रखंड के पुरण बिगहा पंचायत अंतर्गत बेरी वार्ड संख्या-7 में आग लगने से भी कई घरों की क्षति हुई तथा नवीनगर प्रखंड के बड़ेम थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझियामा गांव में एवं संतन नगर, बड़ेम में भी अगलगी की घटनाओं में कई घरों को नुकसान हुआ।

इन घटनाओं की सूचना प्राप्त होते ही अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) उपेंद्र पंडित और सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अंतरा कुमारी तथा संबंधित अंचलाधिकारीयों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल पालीथीन शीट, आवश्यक राहत सामग्री के साथ-साथ वस्त्र एवं बर्तन क्रय हेतु अनुदान राशि का वितरण किया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए राहत कार्य सुनिश्चित करे ताकि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन का आम जनता से अपील है कि आग लगने की घटनाओं से बचाब हेतु सतर्कता बरते तथा आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाकर संबंधित विभाग को सूचना दे।