डीएम ने किया फार्मर आईडी कार्ड निर्माण की प्रगति का स्थल निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा ओबरा प्रखंड अंतर्गत सरसौली ग्राम में “फार्मर रजिस्ट्री – किसान की डिजिटल पहचान” अभियान के अंतर्गत फार्मर आईडी कार्ड निर्माण की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जिले में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन करना तथा किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने हेतु की जा रही प्रक्रियाओं की समीक्षा करना था। जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर स्थल पर उपस्थित कर्मियों से फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था एवं किसानों की सहभागिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

विदित हो कि उक्त अभियान के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को मिशन मोड में संचालित किए जाने हेतु जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में पंचायत सरकार भवनों एवं अन्य सरकारी भवनों में पंचायतस्तरीय शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं का सुचारू एवं निर्बाध निष्पादन सुनिश्चित कर रहे हैं।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु मिशन मोड में कार्य करते हुए फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया का समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री लंबित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि शिविरों के साथ-साथ डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से शेष एवं लंबित किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराई जाए। साथ ही, संपूर्ण प्रक्रिया की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण वरीय पदाधिकारियों द्वारा नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, दाउदनगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, ओबरा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।