नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद अग्निशमन विभाग द्वारा शनिवार को जन जागरूकता अभियान के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को आग से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने की तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए बताया गया कि खाना बनाने का समय सुबह 9 बजे से पहले तथा शाम 6 बजे के बाद रखना अधिक सुरक्षित रहेगा।
अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच पंपलेट वितरित किए गए और फायर इमरजेंसी नंबर की भी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
इस मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी कुन्दन कुमार, अग्निक हरेराम सिंह एवं अग्निक चालक सोनू कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, ताकि आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके।