अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से बैठक का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार जिला अग्निशमन पदाधिकारी, औरंगाबाद प्रभा कुमारी की अध्यक्षता में टाउन हॉल, औरंगाबाद में बिहार अग्निशमन सेवा, औरंगाबाद द्वारा जिले के विभिन्न संस्थानों में किए जा रहे अग्नि अंकेक्षण के अनुपालन एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक कार्यशाला (बैठक) का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जिले के प्रमुख औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें NPGCL नबीनगर, BRBCL नबीनगर, श्री सीमेंट औद्योगिक संस्थान, औरंगाबाद सहित विभिन्न पेट्रोल पम्प, गैस गोदाम, सिनेमाघर, शॉपिंग मॉल, बड़े अस्पताल, स्कूल एवं कॉलेज के लगभग 150 प्रबंधक एवं मालिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक मानकों, संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, नियमित अग्नि अंकेक्षण के महत्व तथा सुरक्षा उपायों के प्रभावी अनुपालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने सभी संस्थानों को निर्देशित किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें, ताकि संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम की जा सके एवं जन-धन की क्षति से बचाव हो सके।
कार्यशाला के माध्यम से संबंधित संस्थानों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
कार्यक्रम में अंतरा कुमारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, औरंगाबाद, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी जयराम सिंह, लालकेश्वर प्रसाद, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, औरंगाबाद, रामाकांत सिंह, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, दाउदनगर, सोनाली कुमारी सहित अन्य अग्निक एवं अग्निक चालक उपस्थित रहे।