नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नदौल स्थित उत्पाद चौकी पर सोमवार को उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब से लदी एक स्कॉर्पियो जब्त की। वाहन से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की 171 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
एक्साइज सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप हाजीपुर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पटना-गया एनएच-22 पर नदौल उत्पाद चौकी के पास विशेष तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बोरे में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। वाहन से 180 एमएल वाली ऑफिसर चॉइस व्हिस्की की कुल 950 बोतलें जब्त की गईं। सभी बोतलों पर ‘Made in Uttar Pradesh’ अंकित था।
उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 171 लीटर है। मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। वह वैशाली जिले के बिदुपुर का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की खेप यूपी से मोहनिया और अरवल होते हुए हाजीपुर पहुंचाई जा रही थी, लेकिन नदौल के पास उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया।
उत्पाद विभाग ने स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। एक्साइज सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से शराब तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।