नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के पूर्व जिलाधिकारी राजकेश्वर राम का निधन कल झारखंड के हजारीबाग स्थित आवास पर हो गया। वे 82 वर्ष के थे और कुछ दिनों से बीमार थे। स्व. राजकेश्वर राम अपने पीछे पांच पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए। उनकी पत्नी का निधन पहले ही हो गया था। यह सूचना स्व. राजकेश्वर राम के पुत्र एवं देव प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार शैलेन्द्र ने दी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजकेश्वर राम 3 जुलाई 1998 से 13 जून 2000 तक औरंगाबाद में जिलाधिकारी रहे। उन्होंने औरंगाबाद के अलावा लखीसराय के भी जिलाधिकारी का बखूबी दायित्व संभाला था। साथ ही समाज कल्याण विभाग के अपर सचिव भी थे। औरंगाबाद में बतौर जिलाधिकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव और 2000 के विधानसभा चुनाव को उन्होंने सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया था। उनका कार्यकाल पूरी तरह से विवाद रहित रहा और अपने कार्यकाल के दौरान वे जनता से बहुत सहजता से मिलते थे और उनकी बातों को ध्यान से सुनते थे।
उनके निधन पर परिवार में मातम छा गया है, वहीं उनके शुभचिंतकों में भी मायूसी छाई हुई है। सभी ने पुण्य आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और इस दुख की घड़ी में परिवार को हिम्मत देने की कामना की।