दाउदनगर में निशुल्क चिकित्सा शिविर सह स्वास्थ्य मेला का आयोजन, 350 मरीजों का हुआ उपचार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)।
चूड़ी बाजार स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के द्बितीय स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को आशादीप क्लिनिक द्बारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर सह स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन दाउदनगर एसडीओ अमित राजन, डीसीएलआर प्रणव कुमार, दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार, विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुरेश कुमार गुप्ता, निदेशक डा. आनंद प्रकाश ने कर किया। मौके पर पटना के सर्जन एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डा. विकास कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र व मोमेंटो प्रदान कर किया।

इस अवसर पर एसडीओ अमित राजन ने कहा कि निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन काफी सराहनीय है। स्वास्थ्य जांच शिविर से गरीब लोगों को इलाज में काफी सहूलियत होगी। एसडीओ ने कहा कि सरकार द्बारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। मरीजों को बेहतर उपचार मिले। इसके लिए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है।
डीसीएलआर ने कहा कि यह आयोजन सराहनीय है। स्वास्थ्य जांच शिविर में पटना से आए डा. विकास कुमार, डा. सोनाली गुप्ता, डा. सुमा सुंदरम, डा. विनय कुमार, डा. रोहित कुमार ने लगभग 350 मरीजों का निशुल्क उपचार किया। निशुल्क दवाएं भी दी गई। इसके साथ ही प्रोस्टेट, हेमोग्लोबिन और शुगर की निशुल्क जांच की गई।

स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचे दाउदनगर के मुंगेश्वर सिह ने बताया कि पांच वर्षों से पैर में दर्द रहता था। कई जगह इलाज कराया परंतु लाभ नहीं मिल सका। दाउदनगर के ब्राह्मण टोली से पहुंची अर्पणा कुमारी ने बताया कि एक महीना से बीपी कम हो जा रहा था जिससे काफी परेशानी हो रही है। चिकित्सकों से इलाज कराने के लिए स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे हैं। दाउदनगर के कनाप से पहुंची शिवकुमारी देवी ने बताया कि पैर के जोड़ों में दर्द है। स्वास्थ्य शिविर में इलाज कराने पहुंची हूं। चिकित्सक ने जांच कर दवा दी है।
चिकित्सक डा. विकास कुमार ने बताया कि दाउदनगर के लोगों के लिए निशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में 350 लोगों ने उपचार कराया है। प्रोस्टेट, हेमोग्लोबिन और सुगर आदि की जांच की थी। डा. सोनाली गुप्ता ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से महिलाओं बीमारियों की कई तरह की जांच की जा रही है। शिविर के माध्यम से महिलाओं को सुझाव दिया गया है कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अगर महिला का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है तो कहीं न कहीं पूरे परिवार का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
इस मौके पर डा. एसपी सुमन, डा. मनोज कुमार, वैश्य समाज दाउदनगर के अध्यक्ष राकेश कुमार, वार्ड पार्षद राधा रमन पुरी, प्रशांत इंद्र गुरु, बिट्टू यादव, सचिन कुमार, राजा कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।