छुपा कर रखे गए हथियार व गोला बारूद बरामद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। जिले में पुलिस और सीआरपीएफ को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 154वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया, जिसमें नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। यह अभियान खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी इलाके में कानेडीह के पास चलाया गया, जहां बीडीडीएस टीम की मदद से गड्ढे में दबाए गए प्रतिबंधित सामान को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। बरामदगी में राइफल, हैंड ग्रेनेड, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल है, जिसे विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने इसे नक्सल गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता बताया।
अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह, सहायक कमांडेंट सी.एच. तोम्बा सिंह, जीडी ओम प्रकाश, सिपाही मनोज सोरेन सहित जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल थी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।