नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 21 मार्च 2026 से 5 दिवसीय आवासीय राज्यस्तरीय व्यावसायिक बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन उत्थान द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसे आत्मा औरंगाबाद द्वारा प्रायोजित किया गया है।
इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 41 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को बकरी पालन के आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराना है, ताकि वे इसे व्यावसायिक रूप से अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उन्नत नस्ल चयन, संतुलित आहार प्रबंधन, रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण, प्रजनन प्रबंधन तथा विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही हैं। इससे किसानों को बकरी पालन के क्षेत्र में नई तकनीकों को समझने और अपनाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर उत्थान के निदेशक संतोष कुमार, बीटीएम अभिषेक वत्स एवं एटीएम अभिषेक कुमार मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने किसानों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि व्यावसायिक बकरी पालन कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाला व्यवसाय है। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।