नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया/पटना। पटना एयरपोर्ट स्थित स्टेट हैंगर में आयोजित विदाई समारोह में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आरिफ मोहम्मद खान का बिहार में भले ही कार्यकाल अल्प समय का रहा, लेकिन उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान संवैधानिक मर्यादाओं का पूरी निष्ठा और गरिमा के साथ निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य के विकास, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अपने अनुभव, विद्वता और स्पष्ट विचारों के कारण आरिफ मोहम्मद खान ने बिहार की जनता के बीच एक अलग पहचान बनाई। उनके मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से राज्य के प्रशासनिक तथा सामाजिक वातावरण को नई दिशा मिली। उन्होंने आरिफ मोहम्मद खान के उज्ज्वल भविष्य तथा स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि बिहार की जनता उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगी।
विदाई समारोह में मंत्री मंगल पांडे, मंत्री सुनील कुमार, वरीय पुलिस पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।