नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम (रोहतास)। जीआरपी सासाराम का एक भ्रष्ट पुलिस अवर निरीक्षक घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। निगरानी विभाग की टीम ने उक्त कार्रवाई की है। भष्ट पुलिस अवर निरीक्षक को निगरानी की टीम गिरफ्तारी के बाद पटना लेकर गयी। घटना के संदर्भ में निगरानी की टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि जीआरपी सासाराम में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने एक केस में परिवादिनी वसंती कुमारी के पति रंजीत कुमार उर्फ करण यादव की मदद करने के लिए परिवादिनी से बीस हजार रूपये घूस की माँग की थी।
वसंती कुमारी पटना मुख्यालय में उत्पाद विभाग में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। परिवादिनी ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग में पहले ही कर दिया था। निगरानी विभाग की टीम ने परिवादिनी को पाँच हजार रूपये लेकर आज विजय कुमार सिंह के स्टेशन परिसर आवास में भेजा था, जहाँ से उसे घूस लेते रंगे हाथ धर दबोचा गया।
निगरानी के पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार ने बताया की बीते 24 फरवरी, 2025 को सासाराम रेलवे स्टेशन पर परिवादिनी के पति और निबंधन विभाग, सासाराम में कार्यरत लिपिक नीरज कुमार गुप्ता के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें नीरज ने परिवादिनी के पति पर जीआरपी, सासाराम में केस दर्ज कराया था। उसी केस की पैरवी परिवादिनी वसंती कुमारी कर रही थी। वसंती कुमारी मूल रूप से जिले के संझोली की रहने वाली है, जिसकी शादी बिक्रमगंज के नारायणपुर धवई में हुई है। निगरानी टीम का नेतृत्व डीएसपी किरण पासवान कर रही थीं। इन्हीं के नेतृत्व में भष्ट दारोगा को सलाखों के पीछे ले जाया गया।