987 युवक-युवतियों ने दिया आवेदन पत्र, 167 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। पुनपुन प्रखंड स्थित शहीद रामानंद रामगोविंद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के द्वारा रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों युवक-युवतियों एवं जीविका दीदियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। इस रोजगार मेले में कुल 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार की तलाश में आए कुल 987 युवक-युवतियों ने आवेदन पत्र जमा किए, जिनमें से प्राथमिक स्तर पर 167 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। मेले में एचसीएल, ब्लिंकिट, पेटीएम, गार्डियन सिक्योरिटी, टीसीआई सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल रहीं। कुछ युवाओं को 2 लाख 50 हजार तक का सालाना पैकेज प्राप्त हुआ है, जिसका नियुक्ति पत्र मंत्री के द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने उपस्थित जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत पांच चरणों में मिलने वाली सहायता राशि की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। जीविका के माध्यम से महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रही हैं तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सशक्त भूमिका निभा रही हैं। वहीं रोजगार मेले में शामिल सभी युवक-युवतियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री- सह- विधायक फुलवारी शरीफ श्याम रजक, विधान परिषद सदस्य रविंद्र प्रसाद, प्रखंड स्तरीय अधिकारीगण, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) मुकेश कुमार सासमल, जॉब मैनेजर अरुण कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक अनुरंजना कुमारी एवं अन्य जीविका कर्मी उपस्थित रहे।