राजा बाजार में चला जागरूकता अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। हाथ से हाथ मिलाएंगे शहर को स्वच्छ बनाएंगे, सबका है एक ही सपना, स्वच्छ और सुंदर बने अपना पटना के आह्वान के साथ पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता टीम द्वारा पटना के इंदिरा आईवीएफ एवं राजा बाजार मोहल्ले में स्वच्छता जागरूकता सांस्कृतिक अभियान चलाया गया।

स्वच्छता जागरूकता अभियान की महती आवश्यकता पर बल देते हुए पटना नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता हम सब की प्राथमिकता में शामिल है। जिस तरह से हम अपने घर और अपने शैक्षणिक संस्थान को सुंदर रखते हैं उसी तरह अपने घर और इंस्टिट्यूट के बाहर भी स्वच्छता का ध्यान रखें तो हमारा पटना शहर देश का सबसे सुंदर और स्वच्छ शहर बन सकता है। सभी लोगों के योगदान से ही शहर को साफ और स्वच्छ रखा जा सकता है।

संस्थान के बिहार हेड डॉ. दयानिधि कुमार ने कहा कि पटना का कोना-कोना चमकाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जिन्दगी जीने का एक विशिष्ट नजरिया है। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने कहा था यदि स्वच्छता और स्वतंत्रता में से एक को चुनने को कहा जाए तो वह स्वच्छता को ही चुनना पसंद करेंगे क्योंकि स्वच्छता स्वतंत्रता से अधिक आवश्यक है। स्वच्छता के लिए बापू के जन्मदिन पर राष्ट्रव्यापी श्रमदान अभियान प्रारंभ हुआ। समस्त देशवासियों को प्रत्येक वर्ष सौ घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने की अपील भी की गई है जिसका राष्ट्रव्यापी असर देखा गया है।
इस अवसर पर स्वच्छता जागृति के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायक राजेश केसरी ने सभी से अपील किया कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपनी अपनी ओर से योगदान दें।
अभियान के समय डॉ सुनीता कुमारी, डॉ रीना रानी, डॉ पूजा हेगडे, डॉ शिप्रा भारती, रजनीश, विवेक आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।