नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जसोइया के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, माली थाना क्षेत्र के सहरसा गांव निवासी युवक बाइक से जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश में सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रेलर चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि औरंगाबाद जिले में हाल के महीनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस के अनुसार, अधिकांश हादसे तेज रफ्तार, लापरवाही और ओवरटेकिंग के कारण हो रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।