बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। समाहरणालय के समीप अवस्थित अनुग्रह नारायण स्मारक समिति के प्रांगण में भारत माता के अमर सपूत महान स्वतंत्रता सेनानी आधुनिक बिहार निर्माता, बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह की 138वीं जयंती समारोह के अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। स्मारक समिति के उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अनुग्रह बाबू के प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तत्पश्चात उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा किया गया।
औरंगाबाद के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार, जिला परिषद औरंगाबाद के पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप नारायण सिंह, संस्था के सचिव अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ चुलबुल सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू बाबू, कौशलेंद्र प्रताप नारायण सिंह, शैलेंद्र दुबे, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, पूर्व प्राचार्य प्रो विजय कुमार सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी श्याम बिहारी सिंह सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। डॉ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में सैकड़ो मरीजों का निःशुल्क इलाज किया गया। उनकी जांचोंपरांत दवाइयां भी दी गई। संस्था के सचिव अभिषेक प्रताप सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि 1917 ई के बिहार के चंपारण सत्याग्रह में महात्मा गांधी को बिहार में बुलाने में इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संविधान सभा के गठन में योगदान दिया था आधुनिक बिहार के नवनिर्माण में सराहनीय भूमिका निभाई। अ से अनुग्रह नारायण और अ से औरंगाबाद महज संयोग है जो एक दूसरे के साथ अन्योन्याश्रित है। हमें उनके बताएं मार्ग पर चलना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बिहार के विकास में अनुग्रह बाबू का अप्रतिम योगदान रहा है।