पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार, बेटा फरार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नारदीगंज (नवादा)। नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। 22 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने वाली मशीनें, विभिन्न उपकरण और जिंदा कारतूस बरामद किए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका पुत्र फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, एसपी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने बनगंगा गांव निवासी दिलीप विश्वकर्मा और उसके पिता विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी राहुल सिंह, नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसटीएफ के एसआई दिवाकर कुमार ने पुलिस बल के साथ किया।
तलाशी के दौरान मौके से ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, पिलर ड्रिल मशीन, बेंच वाइस, देशी कट्टा बनाने के 15 सांचे, हथियारों की नलियां, अर्धनिर्मित बॉडी और बट सहित कई उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा तीन छोटे .32 बोर और एक बड़े .8 एमएम केएफ के जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस ने विनेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के जराईन गांव का निवासी है और वर्तमान में बनगंगा में रह रहा था। वहीं, उसका पुत्र दिलीप विश्वकर्मा छापेमारी के दौरान फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पिछले तीन-चार वर्षों से अवैध हथियार निर्माण के कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। मामले में नारदीगंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस फरार दिलीप विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों, कारतूसों और निर्माण उपकरणों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।