सौ से अधिक नन्हें प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गयाजी की ओर से जिले के बच्चों के लिए शिशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष उपेन्द्र नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें सौ से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे परिसर में बच्चों की चहल-पहल और अभिभावकों का उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता को बच्चों की आयु के आधार पर तीन वर्गों में विभाजित किया गया, जिसमें 0 से 2 वर्ष, 2 से 5 वर्ष तथा 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे शामिल थे।
इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण की स्थिति, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा उनकी सक्रियता के आधार पर विशेषज्ञों की टीम द्वारा उनका मूल्यांकन किया गया। तीनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण पत्र, पदक और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों और उनके अभिभावकों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल रहा। शिशु प्रदर्शनी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और मूल्यांकन के लिए शहर के प्रसिद्ध बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
इनमें उमेश कुमार, एस.एस. जमाँ, विजय कुमार करण, नन्द किशोर गुप्ता और योगिता सिन्हा परीक्षक के रूप में शामिल हुए और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से तनवीर उस्मानी, प्रभात कुमार सिन्हा, रामनरेन्द्र प्रसाद, उमेश कुमार डिडवानिया, आदित्य कुमार और दंत चिकित्सक तृषा कुमारी मौजूद रहे। इसके अलावा गया जिला सक्षम के सचिव तथा स्वाब संस्था के संस्थापक अध्यक्ष समाजसेवी रामानुज महाराज भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में गौरव कुमार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बन सके।