कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने की विस्तृत चर्चा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद/नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में बिहार में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत औरंगाबाद जिले के जिलाध्यक्ष चयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने संभावित नामों पर विस्तृत रूप से चर्चा की।
बैठक में केसी वेणुगोपाल, जो अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के संगठन महासचिव हैं, ने प्रक्रिया का नेतृत्व किया। उनके साथ बिहार के महासचिव सह प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी मौजूद रहे।
इसके अलावा वार रूम के प्रभारी सांसद शशिकांत सैंथिल तथा वामसी रेड्डी ने भी पैनल में शामिल नामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में औरंगाबाद जिला कांग्रेस के लिए ऐसे नेतृत्व की तलाश पर जोर दिया गया जो संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय हो।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में चल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर से सशक्त करना है। इसके तहत ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने का प्रयास किया जा रहा है जो लंबे समय से पार्टी की नीतियों में आस्था रखते हुए क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बिहार में जिला स्तर पर मजबूत नेतृत्व तैयार करने की दिशा में कांग्रेस लगातार कदम उठा रही है, जिससे आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके।